अहमदाबाद के दरियापुर इलाके में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के मार्ग पर एक जर्जर मकान की बालकनी मंगलवार दोपहर ढह गई। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। दरियापुर थाने के निरीक्षक जे एस चौधरी ने बताया कि घायलों में से कुछ दूसरी मंजिल की बालकनी पर खड़े होकर रथ यात्रा देख रहे थे। कुछ लोग नीचे खड़े थे।
उन्होंने बताया कि घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मेहुल पांचाल (36) की मौत हो गई, जबकि अन्य पांच की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि जब भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा गुजर रही थी, तो तीन लोग बालकनी में खड़े थे। दो मंजिला भवन पुराना और जर्जर बताया जा रहा है।
जर्जर थी इमारत
बताया जा रहा है कि रथ यात्रा मार्ग के सभी खतरनाक और जर्जर इमारतों को अहमदाबाद नगर निगम की ओर से नोटिस दिया जाना चाहिए। कडियानाका के पास जहां यह हादसा हुआ, वह इमारत भी जर्जर थी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में प्रशासन की ओर से नोटिस दिया गया था या नहीं।
सभी को मामूली चोटें आईं
कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कडियानाका के पास एक पुराने घर में उसका मालिक तीन अन्य लोगों के साथ रथ यात्रा देखने के लिए खड़ा था। इसी दौरान अचानक वह स्लैब से नीचे गिर गया। फिलहाल पांच लोगों के घायल होने की बात बताई जा रही है। सभी को मामूली चोटें आईं हैं। घायलों को सिविल अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।
रथ यात्रा बिना किसी बाधा के आगे बढ़ रही
दावा यह भी किया जा रहा है कि हादसा उक्त हुआ जब जब रथ यात्रा के दौरान ट्रकों से आसपास के लोगों को प्रसाद बांटा जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब लोग प्रसाद लेने के लिए नीचे उतरे तो बालकनी गिर गई और कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हालांकि, रथ यात्रा बिना किसी बाधा के आगे बढ़ रही है।