गुजरात के गोधरा में पुलिस ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और दो कार्यकर्ताओं पर हवाला के जरिए 50 लाख रुपये के अवैध लेनदेन का आरोप लगाया है। पुलिस को शक है कि इस पैसे का इस्तेमाल निकाय चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए होना था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गुजरात के पंचमहल जिले में पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के एक उम्मीदवार और दो कार्यकर्ताओं के खिलाफ जांच शुरू की है। इन पर गोधरा शहर में हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन का आरोप है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई 26 अप्रैल को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों से पहले की गई है।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि आरोप हैं कि इन तीनों लोगों ने पिछले 15 दिनों में कथित तौर पर हवाला के जरिए 50 लाख रुपये से ज्यादा का लेनदेन किया। इस रकम का इस्तेमाल मतदाताओं को लालच देकर अपनी तरफ करने के लिए होना था। पंचमहल पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) को गोधरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 11 से आप उम्मीदवार अजय वस्तानी के बारे में गुप्त जानकारी मिली थी। इसके बाद यह जांच शुरू हुई।
इस मामले में दो और पार्टी कार्यकर्ता भी पुलिस की नजर में हैं। इनमें मेखर गांव का रहने वाला रमनभाई बारिया और हलोल शहर का दर्शित सोनी शामिल है। एसओजी की जांच में सामने आया कि इन तीनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंगड़िया (कैश कूरियर) फर्मों का इस्तेमाल किया। इन्होंने पिछले 15 दिनों में 50 लाख रुपये से ज्यादा की रकम इधर-उधर की है।
पुलिस के बयान के अनुसार, ये लोग गुजरात के अलग-अलग जिलों के लोगों के साथ मिलकर अवैध तरीके से पैसा भेजने के काम में लगे थे। पुलिस का कहना है कि इस पैसे का मकसद चुनाव में वोटरों को प्रभावित करना था। अब गोधरा ए डिवीजन पुलिस स्टेशन इस मामले की आगे की जांच कर रहा है।
बता दें कि गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा और 28 अप्रैल को नतीजे आएंगे। इन चुनावों में 34 जिला पंचायतें, 260 तालुका पंचायतें, गोधरा सहित 84 नगरपालिकाएं और अहमदाबाद-सूरत जैसे 15 नगर निगम शामिल हैं।