गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक तौर पर सोमवार को सप्ताह का सबसे खराब दिन घोषित कर दिया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने सोमवार को एक ट्वीट करते हुए लिखा कि हम आधिकारिक तौर पर सोमवार को सप्ताह के सबसे खराब दिन का रिकॉर्ड दे रहे हैं। इस ट्वीट को पढ़ने के बाद कई लोग असमंजस में पड़ गए और सोचने लगे आखिर ऐसा क्यो? कई यूजर ने सवाल दागते हुए पूछा कि मंगलवार-बुधवार क्यों नहीं? कुछ ने कहा कि जिसकी सोमवार को छुट्टी रहती है उसका क्या? हालांकि, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने इन सभी सवालों का जवाब भी दे दिया है।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने बताया कारण
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने बताया कि असल में सोमवार का नंबर शनिवार और रविवार के बाद आता है मतलब दो छुट्टियों के बाद आता है। इस दिन लोग दफ्तर या अन्य काम की जगहों पर जाने में आलस्य महसूस करते हैं। कई बार तो सोशल मीडिया पर लोग लिख भी देते हैं कि सोमवार को काम का बहुत लोड रहेगा। आज काम का बहुत दबाव रहने वाला है। इसी को ध्यान में रखकर गिनीज बुक ने ऐसा लिखा दिया। गिनीज बुक के अनुसार बहुत कम लोगों की छुट्टी सोमवार को होती है तो ऐसे में अधिकांश लोग सोमवार को काम निपटाना चाहते हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर ने लिए मजे
इस ट्वीट को अभी तक चार लाख से ज्यादा लोगों से लाइक्स और 75 हजार से ज्यादा रीट्वीट मिल चुके हैं। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'इसकी घोषणा करने में आपका काफी समय लग गया'। वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि इसलिए मैं सोमवार को ही छुट्टी ले लेता हूं। एक अन्य यूजर ने लिखा कि आप सही कह रहे हैं क्योंकि दो दिन आराम के बाद काम पर लौटने में आलस्य महसूस होती है।