हरियाली तीज पर जन-जन के आराध्य ठाकुर बांके बिहारी महाराज हरे रंग की पोशाक धारण कर स्वर्ण हिंडोले में विराजित हो भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर के सेवायत मनीष गोस्वामी ने बताया कि शाम को चार बजे से अर्धरात्रि तक ठाकुर बांकेबिहारी महाराज स्वर्ण हिंडोले में विराजित होकर दर्शन देंगे।
सेवायत ने कहा कि तीज पर ठाकुरजी को घेवर फैनी का विशेष भोग निवेदित किया जाता है। साथ ही राधारानी के समक्ष शृंगार की पिटारी रखी जाती है। इस सुहाग पिटारी में सोने की नथ अवश्य ही रखी जाती है, तभी शृंगार पूर्ण माना जाता है।
वहीं शोभित गोस्वामी ने बताया कि ठाकुरजी को धारण कराई जाने वाली पोशाक दिल्ली में कोलकाता के कारीगरों के द्वारा बनाई गई है। इस पोशाक में जरी, गोटा, सोने चांदी का जड़ाव के साथ नगों को भी लगाया गया है।
मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि हरियाली तीज पर मंदिर के प्रवेश द्वार से ही श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। निकास द्वार से प्रवेश नहीं मिलेगा। जूता चप्पल उतारने की व्यवस्था मंदिर मार्ग के पहुंच मार्ग पर की गई है।
मंदिर में किसी प्रकार के बैग, थैला आदि लेकर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। ठाकुर बांकेबिहारी पुलिस चौकी पर खोया पाया केंद्र बनाया गया है।