राज्यपाल आरएन रवि ने तमिलनाडु की जगह राज्य का नाम थमिझगम को ज्यादा उपयुक्त बताया। राज्यपाल के इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है। डीएमके नेता और सांसद टीआर बालू ने निशाना साधते हुए कहा कि राज्यपाल रवि को भाजपा के दूसरे प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर काम करना बंद कर देना चाहिए। राज्यपाल भ्रम और अलगाव पैदा करने के लिए आए दिन विवादास्पद टिप्पणियां करते हैं।
इससे पहले बुधवार को काशी-तमिल संगमम के आयोजकों और स्वयंसेवकों को सम्मानित करने के लिए राजभवन में आयोजित एक समारोह में बोलते हुए राज्यपाल रवि ने कहा, दुर्भाग्य से तमिलनाडु में एक प्रतिगामी राजनीति रही है कि हम द्रविड़ हैं। राज्यपाल ने कहा कि तमिलनाडु वह भूमि है जो भारत की आत्मा को धारण करती है। यह भारत की पहचान है। वास्तव में थमिझगम इसे कहने के लिए अधिक उपयुक्त शब्द होगा। राज्यपाल का यह भाषण ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है। डीएमके आईटी विंग और द्रविड़ समर्थकों ने उनकी टिप्पणी अपना आक्रोश जाहिर किया है।
सांसद का आरोप राज्यपाल की बयानबाजी खतरनाक और पक्षपाती
सांसद टी आर बालू ने राज्य में द्रविड़ शासन के 50 साल पर राज्यपाल की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल को इस तरह की बात राज्यभवन से नहीं बल्कि भाजपा मुख्यालय कमलायम से कही जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यपाल की लगातार सनातन, आर्यन और द्रविड़ पर बयानबाजी करना खतरनाक और पक्षपाती हैं।