नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ के बाद रेलवे हरकत में आ गया है। सरकार ने भविष्य में ऐसे हालातों से बचने के लिए रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। सूत्रों की मानें तो त्योहारों जैसे पीक सीजन के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय पूरे नेटवर्क में भीड़ को प्रबंधित करने के लिए 60 स्टेशनों पर स्थायी होल्डिंग क्षेत्र विकसित करने की योजना बना रहा है। इसके अलावा भीड़ के बेहतर प्रबंधन के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) की मदद पर भी विचार किया जा रहा है।
इस बीच बताया गया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ में 18 लोगों की मौत होने के बाद स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ मिलकर स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया है। रविवार को भी स्टेशन पर काफी भीड़ रही और हजारों यात्रियों को भारी भीड़ के बीच ट्रेनों में चढ़ने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
अधिकारी ने बताया कि हमने अवरोधक लगाए हैं, गश्त बढ़ा दी है और ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई दल तैनात कर दिए हैं। सीसीटीवी से भी निगरानी की जा रही है और नियंत्रण कक्ष भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फुटेज पर लगातार नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों के मार्गदर्शन और अफरा तफरी की स्थिति से बचने के लिए घोषणाएं की जा रही हैं।
रेलवे ने बड़ा कदम उठाया
रेलवे ने दावा किया है कि सभी रेलवे स्टेशनों पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। इन होल्डिंग एरिया पर लोगों को पहले ही रोक लिया जाएगा। केवल उन लोगों को ही स्टेशन पर जाने की इजाजत दी जाएगी, जिनकी ट्रेन आने वाली है। अन्य सभी यात्रियों को होल्डिंग एरिया में ही रोक लिया जाएगा।
रेलवे का कहना है कि देश में 60 ऐसे स्टेशन है, जहां हमेशा भीड़ रहती है। हालांकि, रेलवे ने कुछ स्टेशन के नाम बताए है, जहां पर ये होल्डिंग एरिया बनाया जाएगा। इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, आनंद विहार स्टेशन, लखनऊ, वाराणसी, मुगलसराय, कानपुर, झांसी, पटना, दरभंगा, आरा, मुंबई, सूरत, सोनपुर, बंगलौर, हावड़ा, मालदा और अन्य स्टेशन शामिल है।
ऐसे किया जाएगा भीड़ प्रबंधन
रेलवे के मुताबिक, देशभर के करीब 60 रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया तैयार करने के साथ सभी स्टेशनों पर एआई और अन्य नई तकनीकों के जरिए रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन किया जाएगा। इन सभी रेलवे स्टेशनों पर रेलवे विशेष अभियान भी शुरू करेगा। इस अभियान के तहत रेलवे यात्रियों, कुलियों और दुकानदारों से राय और सुझाव लिए जाएंगे। इस अभियान के दौरान रेलवे यात्रियों और अन्य हितधारकों से फीडबैक प्राप्त करेगा और इसके आधार पर बड़े स्तर पर बदलाव किए जाएंगे।
ट्रेनों के विलंब होने का अतिरिक्त ख्याल रखा जाएगा
रेलवे का कहना है कि नई दिल्ली स्टेशन पर हुई भगदड़ के बाद रेलवे ने सभी स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। स्थानीय पुलिस के अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ मिलकर स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात किया गया हैं। इन 60 बड़े स्टेशनों के प्लेटफार्म को अनावश्यक भीड़ से बचाने के लिए टिकट देखने के बाद ही यात्रियों को प्लेटफार्म के अंदर प्रवेश की अनुमति होगी। इस दौरान ट्रेनों के विलंब होने का अतिरिक्त ख्याल रखा जाएगा। इस दौरान रेल अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जागरूकता अभियान चलाएगा रेलवे
रेलवे जल्द ही एक जागरूकता अभियान चलाएगा। इसमें यात्रियों को रेलवे स्टेशन की सीढ़ियों पर न बैठने के लिए कहा जाएगा। रेलवे यह अभियान इसलिए शुरू किया जा रहा है क्योंकि अक्सर यात्री सीढ़ियों पर बैठ जाते हैं, जिससे प्लेटफार्म पर आने और जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। सीढ़ियों पर भीड़ को कम करने से भगदड़ जैसी घटनाओं से बचा जा सकता है।