फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना से दो सप्ताह में हुई मौतों में 89 फीसदी मामले जम्मू-कश्मीर और नौ राज्यों में

Thu, 27 Aug 2020 10:30 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : पीटीआई (फाइल)
विज्ञापन

कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने नौ राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश से कोरोना वायरस की टेस्टिंग और ट्रेसिंग में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो सप्ताह में कोरोना के चलते हुई मौतों के 89 फीसदी मामले इन्हीं राज्यों के हैं। महामारी से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए इन राज्यों को प्रयास तेज करने होंगे। 

विज्ञापन


गौबा ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव के साथ महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पंजाब, आंध्र प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य व मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बुधवार को बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने इन राज्यों में कोरोना वायरस प्रसार की स्थिति की जानकारी ली थी। 
 
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि बैठक में इन प्रदेशों को सलाह दी गई कि वे अपने सभी जिलों में मृत्यु दर को एक प्रतिशत से कम रखने की दिशा में कदम उठाएं। इन राज्यों को सुझाव दिया गया कि वे प्रभावी नियंत्रण, संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों का पता लगाने और निगरानी पर बल दें।
विज्ञापन


स्वास्थ्य सचिव ने कहा, 'पिछले दो सप्ताह के दौरान देश भर में कोविड-19 बीमारी से मरने वालों में 89 फीसदी मौतें इन 10 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेश में हुई हैं। यहां निरंतर और कठोर सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि महामारी के प्रसार को रोकने के साथ मौत की घटनाओं को कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।'

इन राज्यों से कहा गया कि वे कम से कम 80 फीसदी नए मामलों में मरीजों के संपर्क में आने वालों का पता लगाएं और 72 घंटों के अंदर परीक्षण सुनिश्चित करें। संक्रमण या पुष्टि दर को पांच फीसदी से कम रखने के लक्ष्य के साथ सभी जिलों में रोज प्रति दस लाख की आबादी पर कम से कम 140 परीक्षण सुनिश्चित करें। 

एक सुझाव यह भी दिया गया कि सभी राज्य नियंत्रण क्षेत्र व स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों पर एंटीजन परीक्षण कराएं। लक्षण वाले मरीजों के परीक्षण में पुष्टि नहीं होने के बाद फिर से उनकी आरटी-पीसीआर जांच कराएं। घरों में पृथकवास में रखे गए संक्रमितों पर नियमित निगरानी और जरूरत पर अस्पताल में भर्ती कराने को कहा गया।

इन राज्यों को कोविड अस्पतालों में उपलब्ध बेड की संख्या और एंबुलेंस सुविधाओं के बारे में आम लोगों को अवगत कराने और कम से कम समय में एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित कराने को कहा गया। मृत्यु दर में कमी लाने के साथ बीमारी से बचने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में भी जानकारी दी गई।

बता दें कि देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के रिकॉर्ड 75,000 से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही बृहस्पतिवार को कुल संक्रमितों की संख्या 33 लाख के पार चली गई। वहीं, अब तक इस खतरनाक वायरस के संक्रमण से ठीक हो चुके लोगों की संख्या 25 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें