प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बुधवार को शिव पार्क, खानपुर, दिल्ली की निवासी जस्मिना ख़ातून को 6 करोड़वां एलपीजी कनेक्शन दिया गया। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने यह तोहफा दिया।
उप राष्ट्रपति ने इस दिन को एक यादगार अवसर बताते हुए कहा कि यह योजना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के गरीब व्यक्तियों विशेषकर समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्तियों को लाभान्वित करने के सपने को पूरा करने का प्रयास करती है।
प्रधानमंत्री ने सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन का आह्वान किया है और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की यह पहल लोगों के जीवन को बदलने की ओर बड़ा कदम है। यह न केवल स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी समस्याओं से निपटने में मदद करेगा, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने में भी बड़ी भूमिका निभाएगा।
उप राष्ट्रपति ने इस योजना को शांतिपूर्ण क्रांति बताया। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि रसोई गैस का वितरण सिलेंडर के रूप में मिलना शुरू होने के बाद से 50 वर्षों में सिर्फ 13 करोड़ कनेक्शन दिए गए थे, जबकि पिछले 54 महीनों में ही लगभग इतने ही कनेक्शन मौजूदा सरकार ने बांट दिए हैं। एलपीजी कनेक्शन का कवरेज वर्ष 2014 में 55 फीसदी था, जो अब 90 फीसदी हो गया है।