तीन तलाक के मामले पर केंद्र सरकार कोई फैसला नहीं ले पाई है। सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक मामले में केंद्र की राय मांग कर मोदी सरकार की उलझनें बढ़ा दी है। इस मसले पर बुधवार को मंत्रियों की मैराथन बैठक के बाद भी मामले पर सरकार का रुख तय नहीं हो सका।
तीन तलाक पर सुप्रीम कोर्ट में सरकार का रुख तय करने के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों की अहम बैठक हुई। सूत्र बताते हैं कि बैठक के बावजूद भी तीन तलाक के मामले पर सरकार अपना मत स्पष्ट नहीं कर पाई है। जल्द ही मामले को लेकर अलग से बैठक होगी।
दरअसल तीन तलाक के मामले पर केंद्र सरकार को शपथ पत्र के जरिए अपना पक्ष सर्वोच्च न्यायालय में रखना है। न्यायालय ने सरकार को पक्ष रखने के लिए 4 सप्ताह का समय दिया है।