खुशखबर में पहली खुशखबरी साईं भक्तों के लिए है। शिरडी से देश के 10 महत्त्वपूर्ण शहरों के लिए विमान सेवा शुरू हुई है। किफायती विमानन सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने साईं भक्तों को ये नया तोहफा दिया है। स्पाइसजेट ने शिरडी से देश के 10 शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू की है। इस सेवा के शुरू होने के बाद साईं भक्तों का शिरडी जाना आसान हो गया है। अब साईं भक्त घंटों का सफर मिनटों में तय कर भगवान के दर्शन कर सकते हैं।
लर्निंग लाइसेंस बनवाने वालों को बड़ी राहत
साथ ही बता दें कि अगर आपने लर्निंग लाइसेंस बनवा लिया है लेकिन तय समय में आप परमानेंट लाइसेंस नहीं बनवा पाए हैं तो आपके लिए राहत की खबर है। अब आपको दोबारा लर्निंग लाइसेंस बनवाते समय टेस्ट नहीं देना होगा। पहली बार दिए गए टेस्ट के आधार पर ही आपके लर्निंग लाइसेंस को रिन्यू कर दिया जाएगा। बता दें कि लर्निंग लाइसेंस बनवाने के 1 महीने के बाद और 6 महीने पहले तक परमानेंट लाइसेंस बनवाया जा सकता है। परमानेंट लाइसेंस बनवाने के लिए टेस्ट देना होता है और इस पास कर परमानेंट लाइसेंस मिल जाता है। लेकिन बहुत सारे लोग अपने लर्निंग लाइसेंस को परमानेंट नहीं करा पाते हैं। मगर अब दिल्ली ट्रांसपोर्ट विभाग ने लाइसेंस बनवाने वालों को राहत देने के लिए यह फैसला लिया है।
नौकरी करने का बेहतरीन मौका
खुशखबर में पहली खुशखबरी ये है कि भारतीय स्टेट बैंक में अनेक पदों पर भर्तियां होने जा रही हैं। आपको बता दें कि ये भर्तियां 39 उप प्रबंधक के पदों पर हो रही हैं। इन पदों के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। इनके लिए आखिरी तारीख 28 दिसंबर निर्धारित की गई है। पदों के लिए न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 35 साल तय की गई है। बता दें कि उप प्रबंधक की पोस्ट के लिए सैलिरी 31705 से 45950 रुपये महीना रखी गई है। चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार पर आधारित होगा।
लखनऊ वालों का सफर होगा आसान
अगली खुशखबरी लखनऊ वालों के लिए हैं। राजधानी लखनऊ चारबाग से मुंशीपुलिया तक मेट्रो ट्रेन का ट्रॉयल बुधवार को पूजा पाठ के बाद शुरू कर दिया गया है। इस दौरान ट्रेन की रफ्तार करीब पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटे रही। दरअसल, नॉर्थ साउथ कॉरिडोर पर मेट्रो का कॉमर्शियल रन फरवरी से शुरू होना है। जिसके लिए जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। मेट्रो शहर ही नहीं सड़क का नक्शा बदलेगी, हर वर्ग की पहली पसंद बनी मेट्रो आने वाले कुछ महीनों में लखनऊ की लाइफ लाइन बनने जा रही है। क्योंकि मेट्रो का रूट ऐसा चुना गया है, जहां सरकारी कार्यालयों का हब है, वहीं कोचिंग और लखनऊ विश्वविद्यालय भी।