देश के समस्त उद्योगों में इस वक्त आशावादी माहौल है। साल 2018 की पहली दो तिमाहियों (जनवरी-जून) के लिए नियुक्ति परिदृश्य शानदार दिख रहा है, क्योंकि 67 फीसदी नियोक्ताओं ने इस अवधि में नए कर्मचारियों की भर्ती की उम्मीद जताई है। एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है।
जॉब पोर्टल
नौकरी डॉट कॉम के अर्ध वार्षिक सर्वेक्षण के मुताबिक, 67 फीसदी प्रतिभागी नियोक्ता नई नियुक्तियों के प्रति आशावादी हैं, जबकि पिछले साल जुलाई-दिसंबर में यह आंकड़ा 60 फीसदी था। वहीं, 20 फीसदी नियोक्ताओं ने बताया कि इस दौरान केवल रिप्लेसमेंट भर्ती होगी।
‘हायरिंग आउटलुक 2018’ शीर्षक वाली रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 52 फीसदी नियोक्ता 0-3 साल के अनुभव वाले उम्मीदवारों की नियुक्ति पर विचार कर रहे हैं। वहीं, 35 फीसदी नियोक्ताओं का कहना है कि अधिकांश नौकरियां 4-8 साल का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को मिलेंगी।