नोटबंदी के बाद पूरे देश में आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई जारी है। ईडी की जांच में अकेले हैदराबाद में ही 2700 करोड़ रुपये के सोने के बिस्किटों की खरीदारी की बात पता चली है। नोटबंदी के बाद खरीदा गया ये सोना 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों से खरीदा गया है। सोने के बिस्किट खरीदने वाला शख्स गायब बताया जा रहा है।
ईडी के सूत्रों के मुताबिक 8 से 30 नवंबर के बीच यहां 8,000 किलोग्राम सोने का आयात किया गया और पूरा सोना बिकना सवालोंं के घेरे में है। इतना ही नहीं, सूत्रों ने आगे बताया कि 1 दिसंबर से 10 दिसंबर तक 1500 करोड़ रुपये के सोने का फिर आयात किया गया। नोटबंदी के बाद से सर्राफा बाजार में खासी तेजी आई और हैदराबाद के सर्राफा कारोबारियों और ज्वेलर्स के पास लोग धड़ल्ले से सोना खरीदने पहुंचने लगे।
ईडी ने आयकर अधिकारियों और शमशाबाद एयरपोर्ट के कस्टम विभाग से आंकड़े जुटाए। ईडी और आयकर अधिकारियों ने कहा कि अगर सोने के कारोबारियों ने 8 नवंबर के बाद बैन किए गए नोट लेकर सोना बेचा है तो उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है।