जवानों ने एक तस्कर को रंगेहाथ पकड़ लिया
- फोटो : Amar Ujala
भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर (जिला- उत्तर 24 परगना) सीमा पर तैनात बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत की 143वीं वाहिनी ने एक बड़ी सोना तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। सीमाचौकी तराली-1 पर खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान जवानों ने एक तस्कर को रंगेहाथ पकड़ लिया।
712 ग्राम के सोने के बिस्कुट हुए बरामद
तलाशी में उसके पास से 6 सोने के बिस्कुट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 712 ग्राम है। जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत लगभग 88.34 लाख बताई गई है। प्राथमिक पूछताछ में तस्कर ने सोना सीमा पार से लाए जाने की बात कबूल की है। पकड़े गए तस्कर को सोने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित
एजेंसियों को सौंप दिया गया है।
बीएसएफ को सोने की तस्करी की सूचना मिली
बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को खुफिया सूत्रों से सूचना मिली थी कि बीएसएफ की 143वीं वाहिनी के तराली-1
सीमाचौकी क्षेत्र से सोने की तस्करी की कोशिश की जा सकती है। सूचना के आधार पर जवानों ने तुरंत हाकिमपुर चेक पोस्ट पर निगरानी कड़ी कर दी और आसपास के इलाकों में विशेष सतर्कता बढ़ा दी। सूत्रों के अनुसार, एक संदिग्ध व्यक्ति किसान के वेश में हाकिमपुर बाजार की ओर से स्वरूपदाह दिशा की ओर आने वाला है।
इस पर बीएसएफ ने धान के खेतों से होकर आने वाले कच्चे रास्तों पर अतिरिक्त नाके लगा दिए। लगभग सुबह 11:24 बजे, एक व्यक्ति साइकिल पर किसान के वेश में धान के खेतों से मुख्य सड़क की ओर आता दिखाई दिया। जवानों ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसके दौरान उसकी लुंगी की गांठ से भूरे रंग के टेप में लिपटा एक पैकेट बरामद हुआ। पैकेट खोलने पर उसमें से सोने के छह बिस्कुट निकले। तस्कर को मौके पर ही गिरफ्तार कर सीमाचौकी तराली-1 लाया गया। प्राथमिक पूछताछ में तस्कर ने सोना सीमा पार से लाए जाने की बात कबूल की है। पकड़े गए तस्कर को सोने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है।
सीमा पर तस्करी की गतिविधियों को रोकने के लिए बीएसएफ है प्रतिबद्ध
बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जनसंपर्क अधिकारी, ने इस घटना की सराहना करते हुए कहा कि बीएसएफ के जवान सीमा पर तस्करी की अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी तरह से सक्षम व प्रतिबद्ध है। उन्होंने सीमावर्ती निवासियों से आग्रह किया कि सोने की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना बीएसएफ की सीमा साथी हेल्पलाइन नंबर 14419 पर या 9903472227 पर व्हाट्सएप मैसेज या वॉयस मैसेज के माध्यम से दें। पुख्ता सूचना देने पर उचित इनाम दिया जाएगा तथा सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।