फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

चुनाव में जीत के बाद बोले जगन मोहन रेड्डी, 'भगवान ने नायडू को दंड दिया' 

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: Shilpa Thakur Updated Sun, 26 May 2019 10:43 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
जगन मोहन रेड्डी - फोटो : facebook/YSJagan

वाईएसआर कांग्रेस के प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने विधानसभा चुनावों में 175 में से 151 सीट हासिल की हैं। अगले हफ्ते वह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। रेड्डी ने शनिवार को अपने विपक्षी नेता और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को लेकर कहा है कि उनके गलत कामों की वजह से भगवान ने उन्हें दंड दिया है। बता दें विधानसभा चुनाव में नायडू की पार्टी को महज 23 सीट ही मिल पाई हैं।



अपनी पार्टी के नव-निर्वाचित विधायकों को संबोधित करते हुए रेड्डी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के चुनाव नतीजों ने ये दिखा दिया है कि जो लोग "अनैतिक और अन्यायपूर्ण" साधनों का सहारा लेते हैं, उन्हें निश्चित रूप से भगवान दंडित करते हैं।


रेड्डी ने कहा, "2014 में हुए चुनावों के बाद नायडू ने वाईएसआर के 23 विधायकों को खरीदा। अब टीडीपी को 23 सीट मिलीं और परिणाम भी 23 मई को आए। भगवान ने 23 के साथ एक सुंदर स्क्रिप्ट लिखी है।" उन्होंने दावा करते हुए कहा कि नायडू ने उनकी पार्टी के तीन विधायकों को ले लिया और अब उनकी पार्टी (टीडीपी) को महज तीन लोकसभा सीट मिली हैं।


अगर लोकसभा सीट की बात करें तो 25 में से 22 वाईएसआर के खाते में आई हैं, वहीं टीडीपी को केवल तीन सीट मिली हैं। रेड्डी ने कहा कि 50 फीसदी वोट हासिल करना भी कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है। उन्होंने अपनी पार्टी के विधायकों से कहा कि लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने कहा, "हमें ये बात ध्यान में रखनी चाहिए कि 2024 में हमारी जीत इन पांच सालों में हम जो काम करेंगे उसी पर निर्भर करेगी।" 


रेड्डी ने अपनी पार्टी से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए तीन सदस्यों को भी संबोधित किया और कहा कि राज्य को विशेष दर्जा दिलाना ही उनका पहला लक्ष्य होगा। उन्होंने चुनाव में लोगों से किए वादों को पूरा करने के लिए अपनी पार्टी के लोगों से मेहनत करने को कहा है।



और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next