गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत ने राज्य के लोगों से सामाजिक कार्यक्रमों में जाने से बचने की अपील की, लेकिन भाजपा के एक विधायक पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। लॉकडाउन के दौरान कोरोना के खतरे के बीच भाजपा के विधायक ग्लेन टिकलो पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी करते दिखे।
पार्टी में कई युवक शराब लेकर म्यूजिक की धुन पर डांस करते दिखे। पार्टी में सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाई गईं और कई लोगों ने मास्क भी नहीं पहने थे। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि वह भाजपा के विधायक की ओर से पार्टी आयोजित करने के मामले की जांच का आदेश देंगे।
इस पार्टी के वायरल हुए वीडियो में भाजपा के पार्षद सहित कई लोग नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि विधायक ग्लेन टिकलो फोन पर बात करते हुए घर में प्रवेश कर रहे हैं। वीडियो में सुनाई दे रहा है कि वो इस पार्टी के विशेष अतिथि हैं।
अपना बचाव करते हुए विधायक टिकलो ने कहा कि वे केवल कुछ मिनटों के लिए वहां गए थे। उन्हें एक करीबी सहयोगी ने वहां बुलाया गया था। लोग इससे एक बड़ा मुद्दा बना रहे हैं। मैं वहां केवल कुछ मिनटों के लिए था क्योंकि मेरे आदमी ने मुझे वहां बुलाया था। टिकलो ने कहा कि मैं सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों सम्मान करता हूं। रविवार को राज्य के तटीय इलाके के एक छोटे से होटल में आयोजित पार्टी में लगभग 35-40 लोगों का जमावड़ा देखा गया, जो जमकर डांस कर रहे हैं।