आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक भयावह घटना सामने आया है। भारतीय नौसेना के एक कर्मी ने कथित तौर पर गजुवाका इलाके में 28 वर्षीय महिला की हत्या की। इसके साथ ही उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और सबूत नष्ट करने का प्रयास किया। यह जानकारी सोमवार को एक पुलिस अधिकारी ने दी।
कहासुनी के बाद की हत्या
एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "नौसेना के एक कर्मचारी (रवींद्र) ने रविवार को अपने आवास पर कहासुनी के बाद मौनिका की हत्या कर दी। इसके बाद वह शव के टुकड़े-टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिए।" पुलिस ने बताया कि समय के साथ दोनों के बीच संबंध विकसित हो गए और वे विशाखापत्तनम के विभिन्न स्थानों जैसे पार्क और थिएटर में अक्सर मिलते थे। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर उससे 3.5 लाख रुपये लिए थे और उसकी पत्नी को उनके रिश्ते का खुलासा करने की धमकी दी थी, जिसके कारण उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे। अधिकारी ने आगे बताया कि घटना वाले दिन आरोपी ने कथित तौर पर उसे अपने फ्लैट पर बुलाया, जहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई और फिर उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।