कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद की संसद के ऊपरी सदन (राज्यसभा) से विदाई हो गई है। उन्होंने बुधवार को कहा कि अब लोग उन्हें कई जगहों पर देख पाएंगे, क्योंकि वह अब फ्री हो गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब उनकी इच्छा न तो सांसद बनने की है और न ही मंत्री पद चाहिए। इसके अलावा वे पार्टी में भी कोई पद नहीं लेना चाहते।
कांग्रेस नेता ने कहा, 'मैं एक राजनेता के तौर पर अपने काम से पूरी तरह संतुष्ट हूं। मुझे लगता है कि जब तक मैं जिंदा रहूंगा, जनता की सेवा करता रहूंगा।' उनसे जब संसद में मिली तारीफ और बधाईयों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'हम कुछ लोगों को गहराई से समझते हैं तो कुछ को सतही तौर पर। जो मुझे गहराई से समझते हैं, उन्होंने सालों तक मेरा काम देखा है और इसलिए भावुक हो गए। मैं उन सबका आभारी हूं। मैं उन लोगों को भी धन्यवाद दूंगा जिन्होंने मुझे मैसेज किया, कॉल किया और मेरे लिए ट्वीट किया।'