पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के बेटे ने राजनीति में आने की संभावना से इनकार किया है। न्यूयॉर्क में बैंकर सीन फर्नांडिस ने कहा कि वह अपनी फील्ड में सहज हैं और तुरंत राजनीति में आने की उनकी कोई योजना नहीं है।
उन्होंने कहा कि राजनीति पेशा नहीं है। मेरे दादा राजनेता नहीं थे और मेरे पिता ने अपने जुनून के कारण राजनीति में प्रवेश किया। मैंने जो अपनी जिंदगी बनाई है उससे पूरी तरह से संतुष्ट हूं। सीन अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए अमेरिका से भारत पहुंचे थे। वह न्यूयॉर्क में अपनी जापानी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। मालूम हो कि 88 वर्षीय जॉर्ज का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को उनके आवास पर निधन हो गया था।