प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन के बारे में लोग बहुत कुछ जानते हैं, लेकिन उनके व्यक्तिगत जीवन के बारे में लाखों लोग ज्यादा कुछ नहीं जानते। राजनीतिक साक्षात्कार से अलग बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने उनके निजी जीवन के बारे में विशेष साक्षात्कार लिया है।
पीएम मोदी ने साक्षात्कार में विपक्ष के कई नेताओं की तारीफ की। पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि ममता दीदी मेरे लिए साल में एक-दो कुर्ते भेजती हैं।
इसके अलावा पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद की भी तारीफ की। पीएम ने कहा, मेरी गुलाम नबी आजाद से अच्छी दोस्ती है। हालांकि मैं ये बोलूंगा तो चुनाव में नुकसान हो सकता है। हम परिवार की तरह रहते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि बांग्लादेश की प्रधानमंत्री भी मेरे लिए उपहार भिजवाती हैं।
पीएम मोदी से अक्षय कुमार ने पूछा कि अगर आपको अलादिन का चिराग मिल जाए तो आपकी तीन चाहतें क्या होंगी? पीएम मोदी ने इस सवाल पर कहा, मैं समाजशास्त्रियों और शिक्षाविदों से आग्रह करूंगा कि आप कभी भावी पीढ़ी को अलादिन का चिराग वाली कहानी न सुनाना। मैं कहूंगा कि उन्हें मेहनत करना सिखाओ। यह कोई बाहर की फिलोसॉफी नहीं है। हमारे मूल में हैं। हम भारतीय मेहनतकश लोग होते हैं।
जब अक्षय ने पीएम मोदी से पूछा कि क्या प्रधानमंत्री को गुस्सा आता है? तो उन्होंने कहा राजी, नाराजी, गुस्सा, मनुष्य का व्यवहार हैं। अगर मैं कहूंगा कि गुस्सा नहीं होता, तो विश्वास नहीं किया जा सकता। कड़क हूं। अनुशासित हूं। किसी को नीचा दिखा कर काम नहीं कराता, बल्कि प्रेरित कर के काम करवाता हूं।