छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार का ठीकरा राज्य के सांसदों के सर फूटा है। चुनाव में मिली करारी हार के बाद पार्टी ने सभी 10 सांसदों के टिकट काटने का फैसला किया है। छत्तीसगढ़ यूनिट ने नए प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए केन्द्रीय चुनाव समिति से एक दिन का समय मांगा था। पार्टी के इस फैसले के बाद नेताओं में बगावत के आसार हैं।
लोकसभा चुनाव 2014 भाजपा को छत्तीसगढ़ में जबरदस्त जीत मिली थी। पार्टी को राज्य की 11 सीटों में से 10 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। उसे केवल दुर्ग सीट पर हार का सामना करना पड़ा था।
भारतीय जनता पार्टी का केन्द्रीय कार्यालय इस समय बेहद व्यस्त है। पार्टी के शीर्ष नेता लगातार उम्मीदवारों के नाम पर फैसला ले रहे हैं। बारी-बारी से सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों, महामंत्रियों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ केन्द्रीय नेता बैठक कर रहे हैं। भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री स्वयं एक-एक सीट पर मंथन कर रहे हैं। नमो एप्प के जरिये जिन सांसदों के बारे में नकारात्मक रिपोर्ट आई है, उन्हें बारीकी से खंगाला जा रहा है।