अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। अदाणी ने बुधवार को मुंबई में सीएम शिंदे के आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि उद्योगपति अदाणी और शिंदे के बीच मुलाकात मंगलवार रात करीब 45 मिनट तक चली। अदाणी समूह की बंदरगाहों, हवाई अड्डों, बिजली उत्पादन तथा पारेषण और रियल एस्टेट में रुचि है। यह समूह मुंबई उपनगरीय जिले को बिजली की आपूर्ति करता है।
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार केंद्र से मुंबई और बर्मिंघम के बीच हवाई सेवा शुरू करने का अनुरोध करेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान में कहा गया है कि वेस्ट मिडलैंड्स के मेयर एंडी स्ट्रीट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई में अपने आधिकारिक आवास 'वर्षा' में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
बयान में कहा गया है कि प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में दोनों राज्यों के बीच निवेश और सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने का निर्णय लिया गया। शिंदे ने आगंतुकों से वेस्ट मिडलैंड्स से राज्य में निवेश के अवसरों का पता लगाने का आग्रह किया, जिसमें जगुआर, कैडबरी और जेसीबी जैसी कंपनियां हैं। मेयर स्ट्रीट ने शिंदे को रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए निवेश के लिए दोनों राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने पर काम करने को कहा।
ब्रिटेन से शिवाजी की तलवार वापस लाने की तैयारी कर रही महाराष्ट्र सरकार
ब्रिटेन से छत्रपति शिवाजी महाराज की तलवार वापस लाने के लिए महाराष्ट्र सरकार केंद्र से बातचीत कर रही है। यह तलवार यूनाइटेड किंगडम के एक संग्रहालय में रखी है। प्रदेश सरकार इस संबंध में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से भी संपर्क करेगी। राज्य के संस्कृति मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने यह जानकारी दी। मुनगंटीवार ने कहा कि 2024 में हम शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ मनाएंगे। हम ब्रिटेन से उनकी 'जगदम्बा तलवार' वापस लाना चाहते हैं। यह हमारे लिए बेहद मूल्यवान है।