भारत की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस न सिर्फ कम समय में यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाएगी, बल्कि इसमें सफर के दौरान यात्रियों को कई सुविधाएं भी मुहैया की जाएंगी। निजामुद्दीन-आगरा गतिमान एक्सप्रेस पांच अप्रैल से अपना सफर शुरू करेगी।
इसमें यात्रियों का स्वागत गुलाब के फूलों से किया जाएगा। दिल्ली से आगरा तक के सफर के दौरान यात्रियों को उनकी सीटों पर ही ट्रेन हॉस्टेस की सेवाएं प्राप्त होंगी। इसके अलावा फिल्म, समाचार और कार्टून देखने की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध होगी।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु पांच अप्रैल को निजामुददीन-आगरा गतिमान एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान वहां शहनाई की धुनें बजेंगी। गतिमान एक्सप्रेस 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी और 100 मिनट में 200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्रेन का किराया शताब्दी से 25 फीसदी ज्यादा होगा, लेकिन सुविधाएं भी उसी तरह उच्च स्तर की दी जाएंगी। यात्रियों को खानपान के कई विकल्प भी मिलेंगे। यात्री ट्रेन में अपने स्मार्टफोन और टैबलेट व लैपटॉप पर मुफ्त इंटरनेट भी चला सकेंगे।
इसके लिए ट्रेन के डिब्बों में हॉटस्पॉट उपकरण लगाए गए हैं। इस दौरान सीमित अवधि के विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे। अधिकारी के मुताबिक यात्रियों को दी जाने वाली मल्टीमीडिया मनोरंजन सुविधा से रेलवे को भी लाभ मिलेगा। सेवा प्रदाता विज्ञापन दिखाने के लिए करीब 7.5 लाख रुपये देंगे।
600 से 1000 रुपये तक है किराया
एसी से लैस गतिमान एक्सप्रेस में चेयर कार का किराया 690 रुपये रखा गया है। वहीं, एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1365 रुपये तय किया गया है।
निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन परिसर में बना नया कॉनकोर्स
गतिमान एक्सप्रेस के लॉन्च से पहले निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन में दिन-प्रतिदिन बढ़ती भीड़ के बेहतर प्रबंधन के लिए नया कॉनकोर्स तैयार किया गया है। नए कॉनकोर्स का लोकार्पण भी पांच अप्रैल को रेल मंत्री सुरेश करेंगे।
नए कॉनकोर्स में टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र और सहायता केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा इसमें स्टेशन मैनेजर और टिकट चेकिंग स्टाफ के ऑफिस भी हैं। जल्द ही निजामुद्दीन में एक नया प्लैटफॉर्म भी तैयार हो जाएगा।