माफिया अतीक अहमद वापस गुजरात के साबरमती सेंट्रल जेल पहुंच गया है। मंगलवार को प्रयागराज कोर्ट में पेशी के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस उसे कड़ी सुरक्षा में लेकर बुधवार शाम अहमदाबाद पहुंची। 2006 में उमेश पाल के अपहरण के मामले में उसे प्रयागराज की एक अदालत में पेश किया गया था, जिसमें उसे उम्रकैद की सजा हुई है।
एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश से पूर्व विधायक और लोकसभा के पूर्व सदस्य अतीक अहमद को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज से 24 घंटे की लंबी यात्रा के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की वैन से गुजरात लाया गया।
17 साल पुराने मामले में उम्रकैद
17 साल पुराने मामले में अदालत ने मंगलवार को अतीक और दो अन्य को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। समाजवादी पार्टी से विधायक रहे अतीक पर 100 से ज्यादा आपराधिक मामले हैं। हाल में हुई उमेश पाल की हत्या के मामले में भी उसे आरोपी बनाया गया है। उमेश पाल 2006 में हुई बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड में मुख्य गवाह था। पिछले दिनों प्रयागराज में उसकी दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
2019 में साबरमती केंद्रीय जेल स्थानांतरित किया गया था
फूलपुर से समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद अतीक अहमद को जून 2019 में तब गुजरात के साबरमती केंद्रीय जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था, जब उत्तर प्रदेश में जेल में रहने के दौरान रियल एस्टेट व्यवसायी मोहित जायसवाल के अपहरण और मारपीट का आरोप लगाया गया था।