वांछित गैंगस्टर जोगिंदर ग्योंग को फिलीपींस से भारत प्रत्यर्पित कर दिल्ली पुलिस के हवाले किया गया। उसके खिलाफ इंटरपोल की ओर से रेड नोटिस जारी किया गया था। सीबीआई ने रविवार को यह जानकारी दी।
जोगिंदर के खिलाफ पानीपत में आपराधिक साजिश का मामला दर्ज था। हरियाणा पुलिस को हत्या के मामले में उसकी तलाश थी। अधिकारियों ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया। दिल्ली पुलिस को भी उसकी तलाश थी।
सीबीआई ने पिछले साल इंटरपोल से जारी करवाया था रेड नोटिस
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अक्तूबर 25 अक्तूबर, 2024 को इंटरपोल से जोगिंदर के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था, जिसे पूरी दुनिया में सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा गया था। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि रेड नोटिस के आधार पर जोगिंदर को फिलीपींस से बैंकॉक होते हुए दिल्ली प्रर्त्यर्पित किया गया।
पानीपत में व्यक्ति की हत्या करने का आरोप
सीबीआई के मुताबिक, जोगिंदर ग्योंग पर आरोप है कि उसने अपने भाई सुरेंद्र ग्योंग की मौत का बदला लेने के लिए एक व्यक्ति की हत्या, क्योंकि उसे शक था कि उस व्यक्ति ने सुरेंद्र ग्योंग की असली पहचान और स्थान पुलिस को बता दिया था। सुरेंद्र ग्योंग की पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई थी। प्रवक्ता ने कहा, जोगिंदर ग्योंग का नाम विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामलों में सामने आया, जिसमें दिल्ली और पंजाब में लूट, हत्या, हत्या का प्रयास, जबरन वसूली और फिरौती के लिए अपहरण जैसी घटनाएं शामिल हैं।
फिलीपींस के बैकोलॉड सिटी से गिरफ्तार किया गया जोगिंदर
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने बताया कि जोगिंदर को फिलीपींस के आव्रजन ब्यूरो (पीबीआई) ने बैकोलॉड सिटी से गिरफ्तार किया। भारत की जोगिंदर की प्रत्यर्पण की मांग पर पीबीआई ने यह कार्रवाई की। पीबीआई के अधिकारियों के मुताबिक, जोगिंदर की भारतीय-नेपाली नागरिक के रूप में पहचान की गई और वह एक अलगाववादी आतंकवादी नेटवर्क का प्रमुख सदस्य था।
पुलिस के मुताबिक, जोगिंदर को हरियाणा में अवैध हथियार रखने के लिए आरोप में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। पैरोल पर रहते हुए उसने दिसंबर 2017 में पानीपत में हत्या की और बाद में विदेश भाग गया था।