फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

G20 Summit: बाइडन, ऋषि सुनक और सभी मेहमानों के लिए तैयार है भारतीय खाने का मेन्यू, थाली में परोसा जाएगा ये सब

राहुल संपाल
Updated Tue, 05 Sep 2023 03:20 PM IST

सार

G20 Summit: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन से लेकर तमाम देशों के दिग्गज राष्ट्राध्यक्ष जी-20 में जुट रहे हैं, जिन्हें चांदनी चौक के स्वादिष्ट व्यंजनों और इनोवेटिड मिलेट्स से बने व्यंजनों सहित स्वादिष्ट भारतीय स्ट्रीट फूड परोसा जाएगा...
विज्ञापन
विज्ञापन
G20 Summit - फोटो : Amar Ujala/Rahul Bisht


सूत्रों के हवाले से विदेशी मेहमानों के खाने का मेन्यू पूरी तरह शाकाहारी होने की भी जानकारी दी गई है। इस मेन्यू में किसी भी नॉनवेज यानी मांसाहारी खाने को जगह नहीं दी जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति से लेकर समिट में आने वाले 25 से ज्यादा विदेशी मेहमानों के लिए व्यंजन तैयार करने का जिम्मा आईटीसी को मिला है।

इतने प्रकार की सब्जियां और रोटी रहेगी खास मेन्यू में

खाने में राजस्थानी बाटी के भी अलग-अलग व्यंजन रखे गए हैं, ताकि राजस्थान में होने का अहसास हो सके। इसमें बाटी तो होगी ही साथ में बाफला बाटी, मक्के की बाटी, मटर-जीरा-अजवाइन की बाटी भी शामिल की गई है। इसके अलावा मध्यप्रदेश, पंजाबी व्यंजनों को भी खास तवज्जो दी जाएगी। पर्यटन विभाग की उपनिदेशक और कार्यक्रम नोडल शिखा सक्सेना ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मेहमानों के स्वागत, ठहरने और सांस्कृतिक कार्यक्रम तक में देश और राजस्थान की संस्कृति से रुबरु कराया जा रहा है। इसी के साथ खाने का मेन्यू भी इसी प्रकार रखा गया है। ताकि देश के मशहूर फूड को मेहमान जान पाएं।

जी-20 के मेहमानों को विभिन्न प्रकार की सब्जियां भी परोसी जाएंगी, जो हम भारतीय रोजाना अपने घरों में बनाकर खाते हैं। इसमें भिंडी मसाला, कढ़ाई पनीर, दाल पंच मेल, जावर मेथी, गट्टा करी, केर सांगरी, चक्की सब्जी, गुलाब जामुन की सब्जी, पंजाबी स्टाइल आलू मटर, दम की दाल मखनी होगी। मेहमानों को रोटी, पराठा और नान के कई व्यंजन होंगे। इसमें गार्लिक नान, चीज चिली, हरे प्याज का पराठा, लहसुन और हरी मिर्च की रोटी, मक्का और बाजरे की रोटी, चीज नान, लच्छा और पुदीना पराठा परोसा जाएगा।

बाइडन, ऋृषि सुनक उठाएंगे स्ट्रीट फूड का लुत्फ

अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन से लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बानेज, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सहित तमाम नेता भारत के स्ट्रीट फूड का लुत्फ लेंगे। इसमें दिल्ली के मशहूर चांदनी चौक की चाट भी शामिल होगी और मिलेट से बनी डिश भी होंगी। चाट की बात करें तो इसमें गोल गप्पे, दही-भल्ले, भल्ले-पापड़ी, आलू टिक्की, जलेबी, कचौड़ी, राज कचौड़ी, छोले-कुलचे व छोले-भटूरे आदि कई चीजें शामिल हो सकती हैं।

दुनियाभर के नेताओं को परोसने के लिए मिलेट से बना भोजन तैयार किया जा रहा है। 9-10 सितंबर को प्रगति मैदान के भारत मंडपम में मेहमानों को बहुत ही पोषक मिलेट उत्पादों का स्वाद चखाया जाएगा। इधर, विदेशी मेहमानों के लिए हर डिश को अति स्वादिष्ट बनाने के लिए शेफ दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। वह वैश्विक नेताओं के स्वाद के अनुसार अपनी डिश में कुछ जरूरी बदलाव भी कर रहे हैं, ताकि उन नेताओं को लाजवाब स्वाद का अनुभव हो। जिन होटलों में यह वैश्विक नेता रहेंगे, वह भी अपने यहां मिलेट से बने तरह-तरह के डिश तैयार कर रहे हैं। नई मिलेट डिशेज बनाने को लेकर होटलों में आपस में होड़ सी लगी हुई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next