भारत की अध्यक्षता में जी-20 विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक आज से नई दिल्ली में शुरू होगी। इस बैठक में भाग लेने के लिए विदेशी मेहमान दिल्ली पहुंच रहे हैं। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव मंगलवार रात नई दिल्ली पहुंचे। वह जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। यूक्रेन विवाद को लेकर पश्चिमी देशों के साथ रूस के बढ़ते टकराव के बीच यह बैठक हो रही है। लावरोव बुधवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी कर सकते हैं। इस दौरान दोनों देशों द्वारा द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करने की उम्मीद है। लावरोव रायसीना डायलॉग 2023 में भी भाग लेंगे।
लावरोव के अलावा, संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग (UN DSA) के अंडर जनरल-सेक्रेटरी ली जुन्हुआ भी जी-20 विदेश मंत्रियों के बैठक में भाग लेने के लिए भारत पहुंचे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मंगलवार को ट्वीट किया, भारत में आपका स्वागत है! रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और UNDESA के अंडर जनरल-सेक्रेटरी ली जुन्हुआ जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्री लावरोव रायसीना डायलॉग 2023 में भी शिरकत करेंगे।
बागची ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि नई दिल्ली में जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री सीनेटर वोंग और तुर्किये के विदेश मंत्री तुर्किये विदेश मंत्री मेवलट चावुसोग्लू (Mevlut Cavusoglu) का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। वे रायसीना डायलॉग 2023 में भी हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी 8वें रायसीना संवाद का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को 8वें रायसीना संवाद का उद्घाटन करेंगे। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन सत्र में मौजूद रहेंगी। रायसीना संवाद में 100 से अधिक देशों के मंत्री, पूर्व प्रमुख, सैन्य कमांडर, उद्योग जगत की हस्तियां, पत्रकार, विद्वान और रणनीतिक विशेषज्ञ भाग लेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत की जी-20 में अध्यक्षता के बीच इसका आयोजन उल्लेखनीय है। इसमें 2,500 से अधिक लोग भाग लेंगे। इसके अलावा डिजिटल माध्यम से यह करोड़ों लोगों तक पहुंचेगा। इसका आयोजन 2 मार्च से 4 मार्च तक होगा।
जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, फ्रांस की विदेश मंत्री कैथरीन कोलोना, चीनी विदेश मंत्री किन गांग, जर्मनी की विदेश मंत्री एनालेना बेयरबॉक और ब्रिटिश विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली भी भाग लेंगे। विदेश मामलों के लिए यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि जोसेप बोरेल फोंटेलस, इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजन, ऑस्ट्रेलिया के पेनी वोंग, सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान, इंडोनेशिया के रेटनो मार्सुडी और अर्जेंटीना के विदेश मंत्री सैंटियागो कैफिएरो भी जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने वालों में शामिल हैं।