कैरेबियाई देश एंटीगुआ में रह रहे भारत के भगोड़े हीरा कारोबारी और 13,500 करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले के आरोपी मेहुल चौकसी के क्यूबा भागने की अटकलें हैं। सूत्रों के मुताबिक, भारत में प्रत्यर्पण के डर से चौकसी क्यूबा भाग गया है।
बताया जा रहा है कि रविवार से ही एंटीगुआ पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हालांकि, मंगलवार को चौकसी के वकील विजय अग्रवाल ने भी एंटीगुआ से स्थानीय रिपोर्टों के बाद लापता होने की पुष्टि की है। इस बीच, चौकसी के लापता होने की खबरों के बाद सीबीआई ने भारत स्थित एंटीगुआ दूतावास से संपर्क किया है। सीबीआई कूटनीति चैनलों के जरिये चौकसी के लापता होने की रिपोर्टों की पुष्टि करना चाहती है।
एंटीगुआ के स्थानीय मीडिया ने चौकसी के करीबी गोविन के हवाले से कहा कि चौकसी ने क्यूबा में अपना ठिकाना बना लिया है, क्योंकि भारत की क्यूबा के साथ प्रत्यर्पण संधि नहीं है। दरअसल ,एंटीगुआ और बारबुडा की अदालत चोकसी के प्रत्यर्पण को गंभीरता से ले रहीं हैं और हाल ही में सोमवार को इस द्वीपीय देश के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने पीएम नरेंद्र मोदी से बात भी की थी।
एंटीगुआ न्यूजरूम डॉटकॉम ने पुलिस आयुक्त एटली रॉडने के हवाले से मंगलवार को बताया कि पुलिस भारतीय कारोबारी मेहुल चौकसी का पता लगाने में जुटी है, जिसके लापता होने की अटकलें हैं। चौकसी को रविवार को दक्षिण इलाके में गाड़ी चलाते देखा गया था। बाद में उसका वाहन बरामद हो गया, लेकिन चौकसी का कुछ पता नहीं चल पाया। वहीं, चौकसी के वकील ने कहा, चौकसी रविवार को अपने घर से द्वीप के दक्षिणी हिस्से के एक प्रसिद्ध रेस्तरां में रात का खाना खाने के लिए निकला। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। हालांकि, वकील ने यह भी कहा है कि चौकसी एंटीगुआ का वैध नागरिक है और ऐसे में उसे वहां रहने में कोई बाधा या जोखिम नहीं है।
इंटरपोल के जरिये चौकसी के सही ठिकाने का पता लगाएगी सीबीआई
जांच एजेंसी के सूत्रों ने कहा है कि चौकसी के लापता होने की खबरें चिंता का विषय हैं। एजेंसी इन तथ्यों की पुष्टि करना चाहती है। इस बारे में कूटनीतिक चैनलों, भारतीय विदेश मंत्रालय से संपर्क किया गया है। अगर लापता होने की रिपोर्ट सही पाई गईं तो सीबीआई चौकसी के सही ठिकाने का पता लगाने के लिए इंटरपोल की भी मदद लेगी।
2017 में ही ले ली थी एंटीगुआ की नागरिकता
गीतांजलि समूह के मालिक मेहुल चौकसी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वांछित घोषित कर रखा है। मेहुल चौकसी और उसके भांजे नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक के साथ 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। चौकसी ने 2017 में एंटीगुआ एवं बारबुडा की नागरिकता हासिल कर ली थी। इसके बाद वह जनवरी, 2018 में भारत से भाग गया था। वहीं, नीरव मोदी अभी लंदन की एक जेल में बंद है। दोनों के खिलाफ सीबीआई जांच कर रही है।