उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग कोई कसर नहीं छोडना चाहता। मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में चुनावी राज्यों की कानून व्यवस्था, अर्धसैनिक बलों की तैनाती और चुनाव कराने के संसाधन जुटाने से जुड़े मुद्दों को अंतिम रूप देने की कोशिश की गई। अब आयोग की अगली बैठक शुक्रवार को होनी है। माना जा रहा है कि इस बैठक में आयोग तय कर सकता है कि आखिर कब चुनाव एलान किया जाये।
मंगलवार सुबह हुई बैठक में भी तारीखों को लेकर आयोग ने संस्पेंस बना कर रखा। आयोग का ध्यान अभी तक पूरी तरह से तैयारियों पर है। बैठक में गृह मंत्रालय के साथ चुनावी राज्यों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती को लेकर तालमेल के बारे में काफी विस्तार से बातचीत हुई है। यूपी बोर्ड की परीक्षा की तारीखों को लेकर भी बातचीत हुई।
सूत्रों का कहना है कि चुनाव बाद परीक्षाये होने के बारे में भी बातचीत हुई। मणिपुर में आंतरिक हालात और शांति पर विचार समेत अहम बिंदुओं पर विचार किया गया। गौरतलब है कि यूपी के साथ उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होने हैं।
इसमें यूपी को छोड़कर बाकी राज्यों की विधानसभा का कार्यकाल मार्च में पूरा हो रहा हैं। उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार ने 15 मार्च 2012 को शपथ ली थी। यूपी विधानसभा का कार्यकाल 27 मई तक है। इसका सीधा मतलब ये है कि इससे पहले चुनाव की पूरी प्रक्रिया पूरी होकर नई सरकार का गठन होना लाजमी है।