भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राष्ट्र और राष्ट्रीयता के मुद्दे को एक बार फिर से दोहराते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब यह नहीं होता कि आप देश को बर्बाद करने की बात कहें। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक के दूसरे दिन भी राष्ट्रीयता का मुद्दा चर्चा में रहा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बातों को समर्थन करते हुए जेटली ने भी देश पर हमला करने वालों को बर्दाश्त नहीं करने की बात कही। उन्होंने कहा, 'अभिव्यक्ति की आजादी और देशभक्ति दोनों एक साथ होनी चाहिए। इसके लिए हमारा संविधान हमें किसी मुद्दे के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने की आजादी देता है, लेकिन देश को बर्बाद करने के लिए।'
केंद्रीय मंत्री से जब 'भारत माता की जय' बोलने के नारे लगाने की बात पूछी गई तो उन्होंने इस पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी का यह मामना है कि इस तरह के मुद्दे को ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए और यह कोई बहस का मुद्दा नहीं है।