फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ताकि सुधरे गर्भवती महिलाओं की सेहत, हर महीने की 9 तारीख को होगी मुफ्त स्वास्थ्य जांच

Mon, 01 Aug 2016 03:34 AM IST
ब्यूरो /अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
गर्भवती महिलाएं अब हर महीने की 9 तारीख को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त स्वास्थ्य जांच करा सकेंगी। रविवार को आकाशवाणी पर अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आशय की घोषणा की।
विज्ञापन


अपने इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने पर्यावरण की रक्षा करने और एंटीबायोटिक दवाओं का सोच-समझ कर इस्तेमाल करने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों को ऑनलाइन की बढ़ती धोखाधड़ी के प्रति भी आगाह किया।

इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस पर दिए जाने वाले अपने भाषण के लिए लोगों से सुझाव भी मांगे। प्रधानमंत्री ने रियो ओलंपिक में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई के लिए नरेंद्रमोदी ऐप के जरिए लोगों की शुभकामनाएं भी आमंत्रित की।
विज्ञापन


रविवार को पीएम के ‘मन की बात’ का 22वां संस्करण था। हर महीने अंतिम रविवार को मन की बात कार्यक्रम केजरिये लोगों के साथ अपने विचार साझा करने के तहत पीएम मोदी ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जाहिर की।

उन्होंने इस संबंध में एक योजना की घोषणा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं दूर करने के लिए अब हर सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की मुफ्त स्वास्थ्य जांच होगी। स्वास्थ्य जांच हर महीने की 9 तारीख को होगी। उन्होंने उन महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों से भी इसके लिए एक दिन का समय देने की अपील की, जो सरकारी अस्पतालों में काम नहीं करती हैं।

मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने रक्षा बंधन के दिन लोगों से अपनी बहनों को बतौर उपहार प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना या जीवन ज्योति योजना  देने की अपील की। पर्यावरण की रक्षा के लिए उन्होंने पुणे में शादी के कार्यक्रम में भेंट के तौर पर आम का पौधा वितरित करने की सराहना की।

उन्होंने कहा कि अगर उपहार के रूप में पौधे दिए जाने लगे तो इससे पर्यावरण की रक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने मंदिर में प्रसाद के बदले पौधे देने, वृक्षों को संतान की तरह पालने और इसकी रक्षा करने की भी अपील की।

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने रियो ओलंपिक की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अगली बार हमें 200 श्रेष्ठ खिलाड़ियों को भेजने की जरूरत है। खिलाड़ियों की हौसला अफजाई के लिए उन्होंने लोगों से शुभकामना संदेश मांगे। इसी दौरान भावी स्वतंत्रता दिवस समारोह की चर्चा करते हुए अपने भाषण के संबंध में भी लोगों से विचार देने की अपील की।
विज्ञापन

‘बाढ़ पीड़ितों की मदद के हरसंभव प्रयास जारी हैं’

देश के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘कुछ समय पहले तक हम सूखे से चिंतित थे, लेकिन अब बारिश का आनंद ले रहे हैं और कई जगहों से बाढ़ की खबरें आ रही हैं। राज्य और केंद्र सरकार इसके लिए मिलकर काम कर रहे हैं। हम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं।’ मालूम हो कि असम और बिहार बाढ़ से जूझ रहे हैं। इन दोनों राज्यों में बाढ़ से अब तक कई मौतें हो चुकी हैं।

समस्याओं का प्रौद्योगिकी के जरिये समाधान ढूंढ़ा जाए
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत कई समस्याओं के दौर से गुजर रहा है। दैनिक जीवन में भी समस्याएं आती हैं। अब हमें प्रौद्योगिकी के जरिये समस्याओं का समाधान ढूंढना होगा। ऐसी समस्याओं के समाधान ढूंढने और शोध करने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने ‘अटल इनोवेशन स्कीम’ का जिक्र किया।

इस स्कीम के जरिये सरकार आविष्कार, प्रयोग और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगारों का सृजन करना चाहती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को इस स्कीम से जोड़ने की जरूरत है और यही वजह है कि केंद्र सरकार ने ‘अटल टिंकरिंग लैब्स’ की पहल की है। जो भी स्कूल ऐसे प्रयोगशाला स्थापित करेंगे, उन्हें दस लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा पांच वर्षों तक रखरखाव के लिए भी इतनी ही राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

तकनीकों को पुरस्कृत करना चाहती है सरकार
युवाओं को शोध और प्रौद्योगिकी के जरिये उनके सामने आने वाली समस्याओं का हल तलाशने का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने ‘अटल ग्रैंड चैलेंज’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारी समस्याओं के लिए विकसित तकनीक और प्रौद्योगिकी को भारत सरकार पुरस्कृत करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘यह पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को वास्तविक श्रद्धांजलि होगी।’
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें