मुंबई के एक 40 वर्षीय शख्स ने कुछ ठगों पर महिलाओं के लिए मेल एस्कॉर्ट बनाने का झांसा देकर उससे 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि उस शख्स की शिकायत के आधार पर एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
यहां दहिसर इलाके में एक दर्जी के रूप में काम करने वाले शख्स ने पुलिस को बताया कि वह इस काम के लिए तैयार हो गया था। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर जिस बिजनेस यूनिट में वह काम करता था, वहां उसे अच्छा काम नहीं मिल पा रहा था।
अधिकारी ने बताया कि खुद को एक एस्कॉर्ट एजेंसी का कर्मचारी बताने वाले आरोपी ने उससे कहा कि उसे हर दिन एक नई महिला से मिलना होगा और इस तरह से उसे पैसा मिलता रहेगा। शुरू में उससे एजेंसी के साथ पंजीकरण करने के लिए कुछ रुपये जमा करने के लिए कहा गया था।
बाद में उससे पिछले तीन महीनों में कई बार किसी न किसी बहाने पैसे देने के लिए कहा गया। अधिकारी ने बताया कि हालांकि, इसके बदले में उसे कोई नौकरी नहीं मिली और आरोपी ने उससे 15 लाख रुपये ठग लिए।
उन्होंने बताया कि उसकी शिकायत के आधार पर, तीनों आरोपियों के खिलाफ 420 (धोखाधड़ी) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित विभिन्न आईपीसी धाराओं के तहत कुछ दिनों पहले एफआईआर दर्ज की गई। इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।