कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में सरकार के शराब के होम डिलीवरी के आदेश के बाद से कई ग्राहकों ने धोखाधड़ी की शिकायत की है। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बना कर ग्राहकों को लूटने का अनूठा तरीका अपनाया है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि आरोपी नकली फेसबुक अकाउंट पर नामी शराब कंपनियों के ऑर्डर लेने का दावा करते हैं और उसके बाद क्रेडिट/डेबिट कार्ड से ग्राहकों से पैसे ले लेते हैं। एक फिल्म निर्माता ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर उल्लिखित जुहू स्थित किसी दुकान के नंबर पर 40,000 रुपये के शराब का ऑर्डर दिया था। ऑर्डर लेने वाले के कहने पर उन्होंने 5,000 रुपये जमा करवाए। डिलीवरी नहीं मिलने पर उन्होंने पता किया तो उनके होश उड़ गए। पता चला कि ये लोग धोखेबाज हैं और पश्चिम बंगाल के आसनसोल व बिहार में किसी स्थान से यह फर्जीवाड़ा चला रहे हैं।
एक पूर्व नौसेना अधिकारी ने बताया कि फेसबुक पर दिए नंबर पर जब उन्होंने एक नामी ब्रांड की दुकान पर फोन लगाया तो उसने पहले डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने को कहा। जब ओटीपी नंबर साझा करने को कहा गया तो उन्हें शक हुआ। यहां के एक पूर्व विधायक ने कहा कि उनके कुछ दोस्तों ने ऐसी शिकायतें की हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इसकी जांच करने को कहा है।