पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनावों के चौथे चरण में आज सुबह से ही बंपर वोटिंग का दौर जारी है। सुबह से ही मतदाता पूरे जोश-खरोश के साथ मतदान के लिए घरों से बाहर निकले। आलम ये था कि दोपहर 11 बजे तक 30 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हो चुकी थी। शुरूआती दो घंटे में ही 20 फीसदी से ज्यादा मतदाता पोलिंग बूथ तक पहुंच चुके थे।
राज्य के विधानसभा चुनावों के चौथे चरण में 49 सीटों के लिए कुल 345 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में ममता के मंत्रियों अमित मित्रा, ज्योतिप्रिय मलिक, ब्रत्य बसु, पूर्णेन्दू बसु और चंद्रिमा भट्टाचार्य की किस्मत दांव पर लगी है।
इससे पूर्व चौथे चरण के लिए चुनाव आयोग ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए 90 हजार से ज्यादा सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। इनमें 672 कंपनियां केन्द्रीय सुरक्षा बलों की हैं, जबकि भारी संख्या में राज्य पुलिस को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। आयोग के लिए सबसे संवेदनशील 24 परगना जिला है। यहां आयोग का विशेष ध्यान है।
वहीं मतदान की खबरों के बीच एक सूचना ये भी आई कि भाजपा नेता और राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूर्व टीवी अभिनेत्री रूपा गांगुली ने एक बूथ पर हंगामा किया। टीएमसी कार्यकर्ता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। टीवी सीरियल महाभारत में द्रोपदी का किरदार निभाने वाली रूपा गांगुली हावडा जिले से उम्मीदवार है जहां उनका मुकाबला पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला से है।