आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में एक चार महीने की बच्ची ने शुक्रवार को कोरोना वायरस को मात दी और इलाज के बाद अस्पताल से घर लौटी। बताया गया है कि बच्ची पिछले 18 दिनों से वेंटिलेटर पर थी और अस्पताल में उसका कोरोना का इलाज चल रहा था। शुक्रवार शाम को उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई और उसे अस्पताल प्रशासन ने छुट्टी दे दी।
जिलाधिकारी विनय चंद ने कहा कि पूर्वी गोदावरी की एक आदिवासी महिला लक्ष्मी मई में कोविड-19 से संक्रमित पाई गई, बाद में डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उसकी चार महीने की बच्ची भी इस खतरनाक वायरस की चपेट में है।
यह भी पढ़ें: कोरोना पर मुख्यमंत्रियों संग पीएम की बैठक में इन पांच मुद्दों पर हो सकता है मंथन
उन्होंने बताया कि बच्ची को विशाखापत्तनम के विम्स अस्पताल में 25 मई को भर्ती कराया गया था। जहां उसे 18 दिनों तक वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉक्टरों ने हाल ही में, बच्ची की कोरोना जांच की। इसमें उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। चंद ने बताया कि रिपोर्ट के निगेटिव आने के बाद उसकी एक स्वास्थ्य जांच की गई और शुक्रवार शाम विम्स के डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।
इसी बीच, शुक्रवार को विशाखापत्तनम जिले में कोरोना वायरस के 14 नए मामले सामने आए, इस तरह जिले में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 252 तक पहुंच गई है। वहीं, इस खतरनाक वायरस से जिले में अब तक एक व्यक्ति की मौत हुई है।
बता दें कि, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 11,458 नए मामले सामने आए हैं और 386 लोगों की मौत हुई है।
इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 308993 हो गई है, जिनमें से 145779 सक्रिय मामले हैं, 154330 लोग ठीक हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और अब तक 8,884 लोगों की मौत हो चुकी है।