जिस दुर्लभ काले हिरन के शिकार के आरोप में अभिनेता सलमान खान को अब तक अदालत के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, पुणे के चिड़ियाघर में आवारा कुत्तों ने ऐसे ही चार काले हिरन को मार डाला।
अधिकारियों ने बताया कि पुणे के राजीव गांधी जूलॉजिकल पार्क में कुछ कुत्तों के हमले में चार हिरनों ने दम तोड़ दिया, वहीं एक अन्य जख्मी हो गया है।
चिड़ियाघर के निदेशक राजकुमार जाधव ने बताया कि यह घटना बुधवार की सुबह हुई। उल्लेखनीय है कि वन्यजीव संरक्षण कानून की अनुसूची एक के तहत काला हिरन एक संरक्षित प्राणी है। जिसके मारने या शिकार पर प्रतिबंध है। उन्होंने बताया कि कुछ कुत्ते छुपकर चिड़ियाघर में घुस आए और काले हिरनों के बाड़े में चले गए।
दरअसल काला हिरन संकोची और डरपोक पशु होता है। कुत्तों को अपने बाड़े में देखकर दो नर और दो मादा हिरन की दहशत में मौके पर ही मौत हो गई। इन चार हिरनों की मौत के बाद चिड़ियाघर में अब केवल 30 काला हिरन शेष रह गए हैं।