अरैल मार्ग पर डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) के पास सोमवार आधी रात उफनायी यमुना के पानी में फॉरच्यूनर समेत डूबने से सेंट जोंस एकेडमी के संचालक मिचेल ईनिस उर्फ बाबा भैया और उनके साथी कारोबारी अम्बुज पांडेय की मौत हो गई।
साथ मौजूद कैंटीन संचालक नीरज केसरवानी किसी तरह पानी से बाहर निकल आया। उसने फोन से खबर दी तो रात में ही अम्बुज के परिजनों ने खोजबीन कर उसका शव निकाल लिया। बाबा भैया का शव मंगलवार सुबह मिला।
बाढ़ के पानी में डूबी गाड़ी नहीं निकाली जा सकी। शाम को मृतकों की अंत्येष्टि की गई। मिचेल रॉयल ईनिस उर्फ बाबा भैया (38) ब्वॉयज हाईस्कूल के प्रधानाचार्य रहे पूर्व एमएलसी सीवी ईनिस के इकलौते पुत्र थे। वह करछना में रामपुर चौराहा के निकट स्थित सेंट जोंस एकेडमी का संचालन करते थे। एकेडमी परिसर के ही फ्लैट में वह परिवार सहित रहते थे।