पी चिदंबरम पर साल 2007 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की सरकार में वित्त मंत्री रहते हुए फॉरेन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) से मंजूरी दिलाने के लिए रिश्वत लेने का आरोप है
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम के खिलाफ आईएनएक्स मीडिया मामले से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में आज दिल्ली की एक अदालत में सुनवाई होगी। राउज एवेन्यू कोर्ट में मामले की सुनवाई होगी। बता दें कि सीबीआई ने आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में चिदंबरम को 21 अगस्त 2019 को गिरफ्तार किया था।
विज्ञापन
इंद्राणी मुखर्जी से मुलाकात की बात हुई थी लीक
गौरतलब है कि सीबीआई ने 15 मई 2017 को मामला दर्ज किया था, जिसमें 2007 में आईएनएक्स मीडिया समूह को विदेशों से 305 करोड़ रुपये प्राप्त करने के लिए विदेशी निवेश संवर्धन बोर्ड द्वारा दी गई मंजूरी में अनियमितता बरतने के आरोप लगाए गए थे। इस दौरान यूपीए शासन काल में चिदंबरम वित्त मंत्री थे। इसके बाद ही ईडी ने इस संबंध में मामला दर्ज किया था। पी चिदंबरम सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद 5 दिसंबर 2019 को रिहा हुए थे। ईडी की पड़ताल में पी चिदंबरम से आईएनएक्स मीडिया के पीटर और इंद्राणी मुखर्जी के इस सिलसिले में मुलाकात करने की बात भी सामने आई थी
केंद्र पर चिदंबरम का हमला
वहीं पिछले दिनों मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल के लिए डॉक्टर हर्षवर्धन के इस्तीफे पर पी चिंदबरम ने सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चिदंबरम ने कहा कि इससे यह पता चलता है कि सरकार कोविड महामारी को प्रबंधित करने में विफल रही है। चिदंबरम ने आगे कहा, 'इन इस्तीफों में मंत्रियों के लिए एक सबक है। अगर चीजें सही होती हैं, तो इसका श्रेय पीएम को जाता और अगर चीजें गलत होती हैं तो मंत्रियों से इस्तीफा देने के लिए दबाव बनाया जाता है।