रिपोर्ट दर्ज कराने के 26 घंटे के अंदर ही पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व आगरा के सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया का कुत्ता मिल गया। खास बात यह रही कि कुत्ता एक गुम हुआ था, मिल गए चार। दरअसल, सांसद के कुत्ते को लेकर शनिवार को अफवाहें भी खूब उड़ीं।
सुबह से ही सोशल मीडिया पर संदेश चलने लगे। कभी बताया जाता कि कुत्ता दिल्ली में मिला है तो कभी शहर के ही बिजली घर पर। इस बीच दिल्ली से सांसद के घर एक फोन आया।
वहां से बताया गया कि काला कुत्ता सड़क पर घूम रहा है, यह कालू हो सकता है। इसके बाद बिजली घर पर एक युवक चौकी पर कुत्ता लेकर पहुंचा। उसने कहा यह कालू हो सकता है। इसी तरह बोदला से भी फोन आया। कुल तीन फोन आए।
कुत्ते की तलाश में रात-दिन लगी रही पुलिस
पूर्व केंद्रीय मंत्री का कुत्ता
इससे पहले उसकी तलाश में पुलिस ने रात-दिन एक कर दिए। उसके फोटो लेकर गली मोहल्लों में घूमती रही और काले कुत्तों से मिलान करती रही। हालांकि उसकी बरामदगी में पुलिस का कोई रोल नहीं रहा।
कालू लायर्स कालोनी के रवि प्रताप नाम के युवक को मिला। उसे कालोनी के आवारा कुत्ते परेशान कर रहे थे। रवि उसे उनसे बचाकर अपने घर ले गया।
शनिवार को अखबारों में खबर प्रकाशित हुई तो वह उसे कठेरिया के सरकारी आवास पर लेकर पहुंचा। सांसद की पत्नी मृदुला कठेरिया ने उसकी पहचान की।
कुत्ता सोशल मीडिया में छा गया
सुबह दो अफवाहें चलीं। पहली कुत्ता दिल्ली से मिला है। दूसरी इसे पुलिस ने बरामद किया है। इस पर कुत्ता सोशल मीडिया में छा गया।
किसी ने पोस्ट किया, कुत्ता दिल्ली में पॉलिटिक्स ज्वाइन करने गया था, किसी का कमेंट था, लाल मंदिर के मूर्ति लुटेरों को पुलिस नहीं ढूंढ सकती, अभी कुत्ता ढूंढने में व्यस्त है, कुत्ता और भैंस ढूंढने की एक्सपर्ट है यूपी पुलिस।
यह भी कमेंट था, भाई वो कालू ही है, कहीं कोई सफेद कुत्ते पर काला पेंट तो नहीं कर लाया।