टाटा समूह की एक होटल कंपनी की पूर्व महिला अधिकारी अंजुली पंडित का आरोप है कि समूह की एक कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने उसका यौन उत्पीड़न किया था। समूह और उस कंपनी ने उसके आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि उसकी कंपनियों में’ अभद्र व्यवहार का सबूत मिलने पर उचित कार्रवाई होती है।’ अंजुली पंडित ने एक अंग्रेजी अखबार में लिखा है कि उन्होंने ताज होटल के उस समय के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश सरना के आचरण की शिकायत की थी।
यह शिकायत समूह की कार्यकारी परिषद के सदस्यों, चेयरमैन और मानव संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई थी। अंजुली पंडित टाटा समूह की इस होटल कंपनी में सरना की कार्यकारी सहायक थीं। उन्होंने लिखा है कि कंपनी के अधिकारियों को इस मामले का ‘केवल एक ही समाधान मिला कि उन्होंने मुझे तत्काल ताज से त्यागपत्र देने को कह दिया।’
इस मामले में टाटा समूह के प्रवक्ता ने कहा कि समूह की आचार संहिता के तहत ‘एक समुचित स्वतंत्र समिति ने इस मामले की जांच की थी।’ उसने कहा कि पंडित कंपनी में निदेशक थी और जांच रपट की जानकारी उन्हें दे दी गई थी।