Harish Salve: 38 साल लंबा वैवाहिक जीवन व्यतीत करने के बाद देश के पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे दूसरा विवाह करने जा रहे हैं। साल्वे 28 अक्तूबर को लंदन की रहने वाली और पेशे से कलाकार कैरोलिन ब्रोसार्ड से शादी रचाने जा रहे हैं। बता दें कि साल्वे इसी साल जून में अपनी पत्नी मीनाक्षी साल्वे से कानूनी रूप से अलग हो गए थे। साल्वे (65) और ब्रोसार्ड (56), दोनों की ही यह दूसरी शादी है।
हरीश साल्वे देश के सबसे महंगे वकीलों में से एक हैं। वह अंतरराष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) में भारत की ओर से पाकिस्तान की जेल में बंद कुलभूषण जाधव के मामले की पैरवी कर चुके हैं। वह वोडाफोन और आईटीसी जैसी कंपनियों के साथ मुकेश अंबानी और रतन टाटा जैसी हस्तियों के केस भी लड़ चुके हैं। जनवरी में वह इंग्लैंड एंड वेल्स की क्वींस काउंसिल के लिए चुने गए थे। लंदन में रहकर भी वह डिजिटल माध्यम से भारत में वकालत कर रहे हैं।