पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राजस्थान से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए हैं। सोमवार को नामांकन पत्र वापसी के अंतिम दिन राज्यसभा की एक सीट के उपचुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को निर्विरोध चुने जाने की घोषणा की गई।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी के निधन के बाद एक सीट खाली हो गई थी। निर्विरोध चुने जाने पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बधाई दी।
पिछले मंगलवार को मनमोहन सिंह ने राज्यसभा की सदस्यता के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन दाखिल करने के लिए मनमोहन सिंह के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भी मौजूद थे। भाजपा या किसी और दल ने उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। अब मनमोहन सिंह 3 अप्रैल 2024 तक राज्यसभा के सदस्य रहेंगे। इससे पहले वे तीन दशक तक असम से राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। उनका कार्यकाल 14 जून को ही समाप्त हुआ था।