असम चुनाव से एक दिन पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि समाज को धार्मिक, सांस्कृतिक और भाषा के आधार पर बांटा जा रहा है।
उन्होंने लोगों से ऐसी सरकार चुनने को कहा, जो संविधान और लोकतंत्र के सिद्धांत को कायम रख सके। उन्होंने असम के मतदाताओं को आश्वस्त किया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो राज्य में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू नहीं होगा।
राज्यसभा में 28 सालों तक असम का प्रतिनिधित्व करने वाले मनमोहन सिंह ने कांग्रेस को वोट देने की भावुक अपील करते हुए कहा कि असम उनका दूसरा घर है। वह राज्य के लोगों का आभारी हैं कि उन्होंने उन्हें पांच साल वित्तमंत्री और 10 साल प्रधानमंत्री के रूप में सेवा का अवसर दिया।
उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना नोटबंदी, जीएसटी को लेकर निशाना साधा और कहा अर्थव्यवस्था कमजोरी हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री ने लोगों से कांग्रेस के लिए समर्थन की अपील करते हुए कहा, एक बार फिर से आपके वोट डालने वक्त आ गया। आप समझदारी से मतदान करें। आपका और आपके बच्चों का भविष्य आपके हाथ में है, इसलिए कांग्रेस और महाजोत को वोट करें।