कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘शक्ति स्थल’ पहुंचकर इंदिरा गांधी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। राहुल ने 'एक्स' पर भावुक पोस्ट कर दादी को हिम्मत और मोहब्बत की मिसाल बताया। वहीं, प्रियंका ने जाति आधारित जनगणना और आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से बढ़ाने का जिक्र कर दादी को श्रद्धांजलि दी।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "दादी हिम्मत और मोहब्बत दोनों की मिसाल थीं। उन्हीं से मैंने सीखा है कि निडर होकर देशहित के रास्ते पर चलते रहना असली ताकत है। उनकी यादें मेरी शक्ति हैं, जो हमेशा मुझे राह दिखाती हैं।" प्रियंका गांधी ने बताया कि जाति आधारित जनगणना और आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत से बढ़ाने की मांग करके इंदिरा गांधी के ही विचारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा, "मेरी दादी श्रीमती इंदिरा गांधी जी अपने चुनाव अभियान की शुरुआत हमेशा महाराष्ट्र के नंदुरबार से करती थीं। वे मानती थीं कि आदिवासी समाज की संस्कृति सबसे अच्छी और अनूठी है क्योंकि वह प्रकृति का सम्मान और संरक्षण करती है।"