हैदराबाद हवाईअड्डे पर विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि यहां पटना उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एल. नरसिम्हा रेड्डी को इंडिगो एयरलाइंस का एक विमान हवाईअड्डे पर ही छोड़कर चला गया।
एल. नरसिम्हा रेड्डी ने आरोप लगाया है कि सोमवार को इंडिगो एयरलाइंस का विमान उन्हें हैदराबाद एयरपोर्ट पर ही छोड़कर रवाना हो गया, जबकि उनके पास विमान का बोर्डिंग पास भी था।
हालांकि यह मामला सामने आने के बाद इंडिगो एयरलाइंस ने माफी मांगी है। इंडिगो ने बयान जारी कर कहा, 'हमने माफी मांगने के लिए न्यायाधीश रेड्डी से संपर्क किया है। हम अपने ग्राहकों के लिए विनम्र और परेशानी मुक्त सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन हम ईमानदारी से खेद प्रकट करते हैं कि इस स्थिति में हम अपने सेवा मानकों को पूरा करने में नाकाम रहे। अब भविष्य में इस तरह की कोई घटना न हो, उसे रोकने के लिए हम अपनी प्रक्रियाओं की समीक्षा कर रहे हैं।'