जम्मू-कश्मीर के पूर्व आईएएस ऑफिसर शाह फैसल ने पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान को नोबेल का शांति पुरस्कार देने की मांग की है। शाह फैसल ने ट्वीट कर कहा कि इमरान खान को नोबेल का शांति पुरस्कार दिया जाना चाहिए वो इसके हकदार हैं। ये पुरस्कार इमरान को भारत-पाक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर सकता है।
बता दें कि पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए नोबेल पुरस्कार की मांग की जा रही है। पाकिस्तान की संसद में इमरान को पुरस्कार के लिए नामित करने का प्रस्ताव आया है। इस प्रस्ताव को सूचना मंत्री फवाद चौधरी लेकर आए हैं। उन्होंने इसके पीछे भारत-पाक के बीच तनाव कम कर शांति की पहल का हवाला दिया है।
अपने इस प्रस्ताव में सूचना प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने कहा है कि इमरान खान ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव को कम करने में अहम भूमिका निभाई है। इसलिए वह नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं। प्रस्ताव के मुताबिक खान ने तनाव की मौजूदा स्थिति में जिम्मेदाराना बर्ताव किया और वह नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं।
प्रस्ताव पर सोमवार को विचार किए जाने की उम्मीद है जब सदन का सत्र होगा। इसे पारित करने की भी उम्मीद जताई जा रही है क्योंकि सदन में सरकार के पास बहुमत है लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि मुख्य विपक्षी पार्टी इस कदम का समर्थन करती है या नहीं।