सार
सीएस कर्णन का 71 साल की उम्र में चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह भारत के पहले मौजूदा हाईकोर्ट जज थे, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने अदालत की अवमानना के मामले में छह महीने जेल की सजा सुनाई थी। साथी न्यायाधीशों पर आरोप लगाने से लेकर सुप्रीम कोर्ट के जजों को सजा सुनाने तक, आखिर क्या था वह पूरा विवाद जिसने कर्णन को जेल पहुंचा दिया? आइए, विस्तार से पूरे मामले को जानते हैं...
भारत के न्यायिक इतिहास में एक ऐसा मामला दर्ज है, जिसने सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के बीच अधिकारों और न्यायिक मर्यादा को लेकर बड़ी बहस छेड़ दी थी। इस मामले के केंद्र में रहे पूर्व न्यायाधीश सीएस कर्णन का शुक्रवार को 71 साल की उम्र में निधन हो गया। वह भारत के पहले ऐसे मौजूदा हाईकोर्ट जज थे, जिन्हें अदालत की अवमानना के मामले में जेल की सजा सुनाई गई थी। चेन्नई के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।
सीएस कर्णन मद्रास हाईकोर्ट और कलकत्ता हाईकोर्ट में न्यायाधीश रहे थे। उनका न्यायिक कार्यकाल साथी जजों और सुप्रीम कोर्ट के साथ टकराव के कारण काफी चर्चा में रहा। उन्होंने कई न्यायाधीशों और कॉलेजियम पर भ्रष्टाचार तथा जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए थे। मामला इतना बढ़ा कि मई 2017 में सुप्रीम कोर्ट की सात जजों की संविधान पीठ ने उन्हें आपराधिक अवमानना का दोषी ठहराया और छह महीने जेल की सजा सुना दी। इस पीठ की अगुवाई तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश जेएस खेहर कर रहे थे।
आखिर सुप्रीम कोर्ट से कर्णन का टकराव कैसे शुरू हुआ?
विवाद उस समय और बढ़ गया, जब कर्णन ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के खिलाफ खुद आदेश जारी कर दिए। उन्होंने तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश जेएस खेहर सहित सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाने का आदेश दिया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई की। मई 2017 में छह महीने की सजा सुनाए जाने के बाद कर्णन एक महीने से ज्यादा समय तक गिरफ्तारी से बचते रहे। आखिरकार जून 2017 में कोलकाता पुलिस ने उन्हें कोयंबटूर से गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले ही 12 जून को वह न्यायिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। दिसंबर 2017 में सजा पूरी करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
कैसे वकालत से हाईकोर्ट के जज बने थे कर्णन?
सीएस कर्णन का जन्म 1955 में तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले के कर्णथम गांव में हुआ था। उनका मूल नाम करुणानिधि था। उन्होंने 1991 में अपना नाम बदलकर कर्णन कर लिया। वर्ष 1983 में मद्रास लॉ कॉलेज से कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने दीवानी और संवैधानिक मामलों में वकालत शुरू की। साल 2009 में उन्हें मद्रास हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 2016 में उनका तबादला कलकत्ता हाईकोर्ट कर दिया गया।
रिटायरमेंट के बाद भी क्यों विवादों में आए?
न्यायिक सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी कर्णन का विवादों से नाता बना रहा। दिसंबर 2020 में चेन्नई पुलिस ने उन्हें फिर गिरफ्तार किया था। ऑनलाइन सामने आए वीडियो में वह न्यायाधीशों और उनके परिवार की महिला सदस्यों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां और धमकियां देते दिखाई दिए थे। बाद में मद्रास हाईकोर्ट ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति और बिना शर्त माफी को ध्यान में रखते हुए उन्हें जमानत दे दी थी। इस तरह उनका न्यायिक जीवन कई असाधारण घटनाओं और विवादों के कारण चर्चा में रहा।