पाकिस्तान ने शनिवार को 88 प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में हाफिज सईद, मसूद अजहर और दाऊद इब्राहिम का नाम भी शामिल था। पाकिस्तान ने 27 साल बाद आखिर मान लिया कि मोस्टवांटेड आतंकी व 1993 में मुंबई धमाकों का गुनहगार दाऊद इब्राहिम कराची में ही है। इतना ही नहीं पाकिस्तान ने दाऊद इब्राहिम के बारे में तमाम खुलासे किए।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने एक वीडियो जारी कर पाकिस्तान पर निशाना साधा और कहा कि भारत के कई बार सबूत देने के बाद भी वह अपने यहां दाऊद की मौजूदगी से इनकार करता रहा है और अब अंतरराष्ट्रीय दबाव में उसे यह बात स्वीकार करनी पड़ी है। उन्होंने कहा, 'आज पाकिस्तान को मजबूरी में यह कबूल करना पड़ा कि दाऊद इब्राहिम जो मुंबई बम धमाकों का मुख्य अभियुक्त है, वह पाकिस्तान में छुपा बैठा है।' हुसैन ने कहा, 'भारत ने कई बार सबूत दिया कि दाऊद पाकिस्तान के कराची में रहता है... आईएसआई के साए में रहता है। लेकिन जब दबाव बना दुनिया का... पाकिस्तान कहीं आतंकवादी देश की सूची में ना आ जाए... उसने सभी की सूची दी है। पाकिस्तान को दाऊद इब्राहिम को तुरंत भारत के हवाले करना चाहिए और खुद पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित किया जाना चाहिए।'
सरकार ने 18 अगस्त को दो अधिसूचनाएं जारी करते हुए 26/11 मुंबई हमले के साजिशकर्ता और जमात-उद-दावा के सरगना सईद, जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख अजहर और अंडरवर्ल्ड डॉन इब्राहिम पर प्रतिबंधों की घोषणा की थी। इब्राहीम 1993 मुंबई बम विस्फोटों के बाद भारत के लिए सबसे वांछित आतंकवादी बन कर उभरा है।
पाकिस्तान ने 88 प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों और हाफिज सईद, मसूद अजहर और दाऊद इब्राहिम समेत उनके आकाओं पर कड़े वित्तीय प्रतिबंध लगा दिए हैं। एक खबर में शनिवार को यह जानकारी दी गई थी। अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद वित्तपोषण पर निगरानी रखने वाली संस्था 'वित्तीय कार्रवाई कार्य बल' (एफएटीएफ) की 'ग्रे लिस्ट' से बाहर आने की कोशिशों के तहत यह प्रतिबंध लगाया गया है। खबर के अनुसार इन आतंकी संगठनों और उनके आकाओं की सभी संपत्तियों को जब्त करने और बैंक खातों को सील करने के आदेश दिए हैं।