चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल विपिन रावत को पूर्व नौसेनाध्यक्ष एडमिरल अरुण प्रकाश ने खरीखोटी सुनाई है। पूर्व सैन्य जनरल ने सैन्य कमांडर को फौजी भाषा में काफी तीखा कटाक्ष किया है।
भारतीय सेना से रिटायर हुए ब्रिगेडियर चटर्जी का कहना है कि जो होना था, हो गया। वायुसेना ने फूल बरसाए, लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों ने फ्लाईपास्ट में हिस्सा लिया। सेना ने अस्पतालों के सामने धुन बजाई, नौसेना, कोस्टगार्ड के पोतों ने भी अपनी भूमिका निभाई, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इससे कोविड-19 के संक्रमण कम हो जाएगा।
जनरल विपिन रावत ने ही तीनों सेना प्रमुखों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करने के बाद वायुसेना के विमानों द्वारा फ्लाई पास्ट, सेना के बैंड द्वारा अस्पतालों के पास धुन बजाने की घोषणा की थी।
पूर्व फौजी अफसरों का कहना है कि एक तरफ देश कोविड-19 के संक्रमण का सामना कर रहा है। देश में इसके बाबत चिकित्सीय सुविधा समेत अन्य क्षेत्रों में संसाधनों की समस्या आ रही है, दूसरी तरफ सैन्य बल इस तरह की रणनीति बना रहे हैं।