केरिबियन देश डोमिनिका की उपराष्ट्रपति इन दिनों भारत के दौरे पर हैं। इस दौरान विदेश मंत्री ने उनसे मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। विदेश मंत्री ने ट्वीट कर मुलाकात की जानकारी दी। ट्वीट कर उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
क्षेत्रीय-बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को नई दिल्ली में डोमिनिकन गणराज्य की उपराष्ट्रपति रकेल पेना रोड्रिग्ज के साथ बैठक की। जयशंकर ने ट्वीट कर रोड्रिग्ज से मुलाकात की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज शाम नई दिल्ली में डोमिनिकन उपराष्ट्रपति रोड्रिग्ज से मिलकर खुशी हुई। बैठक के दौरान विशेष रूप से व्यापार-वाणिज्य, शिक्षा, रक्षा, अंतरिक्ष और नवीकरणीय ऊर्जा सहित अन्य पक्षों पर चर्चा हुई। तमाम क्षेत्रों में हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की गई। इसके अलावा, दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
राष्ट्रपति मुर्मू से भी मुलाकात
एक दिन पहले, भारत की पहली यात्रा पर आई डोमिनिकन गणराज्य की उपराष्ट्रपति रकेल पेना रोड्रिग्ज राष्ट्रपति भवन पहुंची, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति ने डोमिनिकन गणराज्य को लैटिन अमेरिका में भारत का आठवां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार में और विविधता आने की संभावना है। इस दौरान मु्र्मू ने कहा कि क्षमता निर्माण दोनों देशों के बीच सहयोग के प्रमुख स्तंभों में से एक है।
ओम बिरला के साथ भी की थी मुलाकात
डोमिनिका की राष्ट्रपति ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न मोर्चों पर चर्चा की। ओम बिरला ने ट्वीट कर कहा कि हमारे द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर डोमिनिकन उपराष्ट्रपति के साथ चर्चा हुई। उन्हें हाल ही में लोकसभा में पेश नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी। रोड्रिग्ज ने कोविड टीकों के लिए भारत का धन्यवाद जताया। बता दें, दो अक्तूबर को गांधी जयंती के उपलक्ष्य में रोड्रिग्ज ने राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि दी।