उड़ी आतंकी हमले के बाद सेना की ओर से की गई सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर सरकार ने विदेश मामलों की संसदीय समिति के समक्ष भी अपनी स्थिति स्पष्ट की है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली समिति के समक्ष विदेश सचिव एस. जयशंकर ने मंगलवार को कहा कि पूर्व में सीमा पार सर्जिकल स्ट्राइक होती रही हैं या नहीं इस संबंध में सही जानकारी सेना के पास ही है सरकार के पास नहीं। हालांकि इससे पहले इस बात की सूचना आई थी कि विदेश सचिव ने संसदीय समिति के सामने पूर्व में सर्जिकल स्ट्राइक होने की बात कबूली है।
बता दें कि इससे पहले रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने दावा किया था कि उड़ी हमले के बाद पहली बार सर्जिकल स्ट्राइक की गई। इससे पहले एलओसी पर की गई कार्रवाई सरकार की भागीदारी के बिना स्थानीय स्तर पर कमांडरों ने की थी।
करीब ढाई घंटे तक चली इस बैठक में उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बिपिन रावत ने एलओसी के पार आतंकवादियों के लंच पैड पर किए गए हमले की विस्तृत जानकारी दी। इस बैठक में समिति के सदस्य कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई सवाल नहीं किया।